पटना : बिहार में सत्ताधारी पार्टी जेडीयू की निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। युवक की हत्या के आरोपी रॉकी की मां मनोरमा देवी को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। मनोरमा देवी पर घर में शराब रखने और शराब बंदी के कानून को तोड़ने का आरोप है। जेडीयू विधायक के खिलाफ बिहार सरकार ने ये गिरफ्तारी का वांरट जारी किया है।
बता दें कि मनोरमा देवी, जिनके पुत्र राकेश रंजन यादव उर्फ रॉकी यादव ने बीते दिनों गया जिले में आदित्य कुमार सचदेवा नामक एक युवक की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी, को मंगलवार को जेडीयू ने छह वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी ने मनोरमा देवी को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि बीती रात्रि मनोरमा देवी के आवास पर पुलिस की ओर से की गई छापेमारी में उनके घर से पुलिस ने शराब की बोतलें बरामद की थीं।
मनोरमा देवी के निलंबन की कार्रवाई बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पड़ोसी राज्य झारखंड के धनबाद में शराबबंदी को लेकर एक कार्यक्रम में भाग लेकर पटना लौटने के कुछ देर बाद हुई। मनोरमा देवी गया जिला में राजद नेता और बाहुबली माने जाने वाले बिंदेश्वरी यादव उर्फ बिंदी यादव की पत्नी हैं।
COMMENTS